दस साल से ज्यादा समय से मंगल ग्रह पर अनुसंधान कर रहे मार्स रोवर अपॉर्च्यूनिटी को मेमोरी (याददाश्त) की समस्या होने लगी है। अमेरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के अनुसार छह पहियों वाला यह यान अपने आप 'रिसेट' होता रहता है।
अपॉर्च्यूनिटी की टीम को लगता है कि उम्र से जुड़ी एक गड़बड़ रोबोट में लगी एक फ्लैश मेमोरी को प्रभावित कर रही है। डिस्कवरी न्यूज से बात करते हुए नासा के प्रोजेक्ट मैनेजर जॉन कलास ने बताया, "हम इस समस्या को 'एम्नीशिया' कहते हैं।"