अपनी पत्नी से बदला लेने के लिए एक पति किस हद तक जा सकता है, इसका जीता-जागता नमूना अमेरिका के उटा में देखने को मिला है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी को मारने के लिए अपने ही घर पर विमान गिरा दिया। हालांकि इस घटना में पति खुद मारा गया, जबकि उसकी पत्नी और एक बच्चा सुरक्षित घर से निकलने में कामयाब रहे।
इस हैरान कर देने वाली घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि विमान के घर से टकराते ही उसमें आग लग गई, जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में घर को भी नुकसान पहुंचा है, घर के सामने वाला हिस्सा जल गया है। घटना में मारे गए शख्स की पहचान डुएन यूड के रूप में हुई है। वो एक विमानन कंपनी में पायलट के तौर पर काम कर रहा था।
यह घटना रविवार रात की है। पुलिस के मुताबिक, घटना से कुछ ही घंटे पहले डुएन यूड को पत्नी से मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जमानत मिलने के बाद यूड ने पत्नी से बदला लेने की ठान ली और एक छोटा विमान लेकर अपने घर की तरफ चल पड़ा और विमान को अपने घर के ऊपर गिरा दिया।