अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वह विशेष अधिवक्ता रॉबर्ट मूलर की पूछताछ में उन्हें बताई गयी किसी भी बात का इस्तेमाल उनके खिलाफ होने को लेकर आशंकित हैं। मूलर वर्ष 2016 के राष्ट्रपति अभियान में कथित रूसी हस्तक्षेप की जांच कर रहे हैं।
ट्रंप लगातार यह कहते रहे हैं कि वह मूलर के साथ बैठकर बात करना चाहते हैं क्योंकि ’’कोई सांठगांठ नहीं है।’’ लेकिन सोमवार को समाचार एजेंसी ‘रॉयटर’ को दिए साक्षात्कार में राष्ट्रपति ने इस बात को लेकर चिंता जाहिर की कि जांचकर्ता उनके बयान का उनके खिलाफ ही इस्तेमाल कर सकते हैं, अगर वे उन अन्य लोगों से मेल नहीं खाते जिनसे वे पहले ही पूछताछ कर चुके हैं। मसलन एफबीआई के पूर्व निदेशक जेम्स कोमी।
ट्रंप ने कहा, ‘‘चाहे, मैं सच भी बोल रहा हूं, वे उसे झूठ बना देंगे। यह सही नहीं है।’’ मूलर द्वारा इंटरव्यू के लिए वह अंतत: तैयार होंगे या नहीं, ट्रंप ने यह नहीं बताया।