फोर्ब्स पत्रिका की ओर से जारी 400 अमेरिकी अमीरों की सूची में भारतीय मूल के पांच अमेरिकी शामिल हैं, जबकि माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स लगातार 23वें साल पहले नंबर पर बने हुए हैं। फोर्ब्स की ओर से जारी 2016 के अमेरिकी अमीरों की सूची में शामिल होने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी हैं- सिम्फनी टेक्नोलॉजी के संस्थापक रोमेश वाधवानी, आउटसोर्सिंग फर्म सिंटेल भारत के सह-संस्थापक नीरज देसाई, एयरलाइन के दिग्गज राकेश गंगवाल, उद्यमी जॉन कपूर और सिलिकन वैली एंजल इंवेस्टर केआर श्रीराम। 81 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ 60 वर्षीय बिल गेट्स सूची में टॉप पर हैं।
फोर्ब्स के अनुसार बिल गेट्स विश्व के सबसे बड़े निजी चैरिटेबल संस्था: द बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के जरिए बिल गेट्स विकासशील देशों में पोलियो उन्मूलन, मलेरिया की रोकथाम और बच्चों के टीकाकरण जैसे समाजसेवी काम में लगे हुए हैं। फोर्ब्स की सूची में अमेजन डॉट कॉम के संस्थापक और सीईओ जेफ बेजोस को 67 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरा स्थान मिला है। बर्कशायर हैथवे के सीईओ वारेन बफेट 65.5 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे और फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग 55.5 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं।