जानलेवा इबोला वायरस के संक्रमण का एक मामला अमेरिका में टेक्सास के डालास में सामने आया है।
टेक्सास हेल्थ प्रेसबायटेरियन अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि संक्रमित मरीज को एकांत में रखा जा रहा है।
पश्चिमी अफ्रीका में इबोला वायरस के संक्रमण से 3,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एण्ड प्रिवेंशन के निदेशक थॉमस फ्रीडेन ने संवाददाताओं से कहा, "लाइबेरिया से अमेरिका आने वाले एक यात्री में इबोला के संक्रमण की पुष्टि हुई है।"
फ्रीडेन के मुताबिक यह अज्ञात मरीज 19 सितंबर को लाइबेरिया से रवाना हुआ और अगले दिन अपने रिश्तेदारों से मिलने अमेरिका पहुंचा। उस दौरान उसमें इबोला से संक्रमित होने के कोई लक्षण मौजूद नहीं थे।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इबोला के खिलाफ मुहिम में मदद के लिए 3000 सैनिकों को लाइबेरिया भेजने की बात कही थी।