अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का मन नॉर्थ कोरिया को लेकर बदल गया है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा है कि वह नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग से मिलना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वॉशिंगटन और प्योंगयांग के बीच बढ़ते तनाव को मद्देनजर रखते हुए वह जल्द उनसे से मिलना चाहते हैं।
ब्लूमबर्ग न्यूज के एक इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा कि अगर मेरे लिए उनसे मिलना उचित है, तो मैं निश्चित रूप से यह करूंगा। उन्होंने आगे कहा कि मैं सही स्थिति में उनसे मिलना चाहूंगा। उन्होंने आगे कहा कि ज्यादातर राजनीतिक लोग यह कभी नहीं चाहेंगे, लेकिन मैं आपको सही स्थिति बता रहा हूं कि मैं उनसे मिलूंगा। नॉर्थ कोरिया ट्रंप के इस बयान से आश्चर्यचकित है। एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक युद्ध के डर से डोनाल्ड ट्रंप किम जोंग से मिलकर संबंध सुधारना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें- नॉर्थ कोरिया ने दी धमकी, बोला- कभी भी कर सकता है न्यूक्लियर टेस्ट
आपको बता दें कि इससे पहले सोमवार को नॉर्थ कोरिया ने छठा न्यूक्लियर टेस्ट करने की धमकी दी थी। नॉर्थ कोरिया के सर्वोच्च नेतृत्व की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था कि वह किसी भी समय और किसी भी जगह इसका टेस्ट कर सकता है।
बता दें कि इन दिनों कोरियाई प्रायद्वीप पर तनाव चल रहा है। इस बात से अंदाजा लगाया जा रहा है कि नॉर्थ कोरिया छठा परमाणु परिक्षण कर सकता है। हालांकि नॉर्थ कोरिया के हर बार न्यूक्लियर करने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिक्रिया देते हुए उसको चेतावनी देते आए हैं।
इस पर नॉर्थ कोरिया के विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा था कि वह अमेरिका की ओर से उठाए गए किसी भी कदम का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मामले में राज्य सरकार की केसीएनए समाचार एजेंसी ने एक बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जब तक अमेरिका अपनी शत्रुतापूर्ण नीतियों को खत्म नहीं करता तब तक सरकार अपनी परमाणु क्षमताओं को मजबूत करने के लिए परमाणु परिक्षण जारी रखेगा।