अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को उत्तर कोरिया पर नए प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये चिंता का विषय है कि उत्तर कोरिया मंगलवार को छठे परमाणु बम का परीक्षण करेगा, इसलिए अब सुरक्षा परिषद को उत्तर कोरिया पर प्रतिबंध लगाने के लिए कमर कस लेना चाहिए।
ये भी पढ़ें- परमाणु हमले के लिए नॉर्थ कोरिया तैयार, बोला-अमेरिका सहित पूरी दुनिया खत्म कर देंगे
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर कोरिया अपने हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। ऐसे में सुरक्षा परिषद को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया की मौजूदा स्थिति अस्वीकार्य है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ये बातें सुरक्षा परिषद के 15 देशों के राजदूतों के लिए आयोजित लंच के दौरान व्हाइट हाउस में कही।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर कोरिया दुनिया के लिए एक वास्तविक खतरा बन गया है, चाहे हम इसके बारे में बात करना चाहें या नहीं। उत्तर कोरिया एक बड़ी समस्या है और यह एक ऐसी समस्या है जिसे हमें हल करना ही होगा। लोग दशकों से आंखों पर पट्टियां बांधकर रख हुए हैं लेकिन अब इस समस्या का हल निकालने का समय आ गया है।
ये भी पढ़ें- चीन ने अमेरिका को दी उत्तर कोरिया पर संयम बरतने की सलाह
आपको बता दें कि इससे पहले उत्तर कोरिया ने अमेरिका को धमकी देते हुए कहा था कि हमारा परमाणु बम तैयार है। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग ने अमेरिका में परमाणु बम का लक्ष्य रखा है। उसका दावा है कि उनके शस्त्रागार में सबसे शक्तिशाली बम प्रक्षेपण के लिए तैयार है। उसने अमेरिका की जंगी जहाज पर हमला करने की धमकी दी थी। उसने कहा था कि वह यूएसएस कार्ल विन्सन को डूबा कर अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगा। इसके लिए वह पूरी तरह से तैयार है।