अमेरिका के जॉर्जिया की एक अदालत में एक अनोखा मामला सामने आया। एक महिला वकील ने एक मुक़दमे के दौरान जज से सुनवाई की तारीख इस आधार पर आगे बढ़ाने के लिए गुजारिश की कि वो हाल ही में माँ बनी है लेकिन जज ने उनकी दलील नहीं मानी।
महिला वकील बच्चे की देखभाल के लिए तारीख आगे बढ़वाना चाहती थीं। जज के इनकार के बाद महिला वकील अपनी बेटी के साथ ही कोर्ट आ गईं। तब जज ने बच्चे की देखभाल ठीक से नहीं करने के लिए उन्हें फटकार लगाई। उसके बाद वकील ने जज के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर महिला वकील को जबर्दस्त समर्थन मिला है। जज के खिलाफ की गई महिला वकील की शिकायत और जेज़ेबेल वेबसाइट पर उनके लेख को एक दिन में सात हज़ार से ज्यादा बार शेयर किया गया।
स्टेसीएम एहरिज़मैन मिकल मुक़दमे के दौरान मातृत्व अवकाश पर थीं और उन्होंने जॉर्जिया के अटलांटा कोर्ट से अप्रवासन से जुड़े एक मामले की तारीख आगे बढ़ाने के लिए कहा था। लेकिन जज जेडैन पेलेटियर उनसे सहमत नहीं हुए, बाद में मिकल का बेटी के साथ अदालत में आना भी पेलेटियर को नागवार गुजरा।