अमेरिका ने विमान सेवा देने वाली कंपनियों को जूतों में विस्फोटक ले जाने की कोशिशों के प्रति आगाह किया है। आंतरिक सुरक्षा अधिकारियों ने किसी ख़ास ख़तरे या साज़िश के बारे में कोई संकेत नहीं दिया है, लेकिन इतना ज़रूर बताया है कि ये चेतावनी बाहर से अमेरिका आने वाले विमानों पर केंद्रित है।
हाल के दिनों में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब अमेरिका में विमानों में विस्फोटकों के ख़तरों के प्रति चेतावनी जारी की है। वर्ष 2001 में ब्रिटेन के रिचर्ड रीड ने पेरिस से मियामी जा रहे विमान को उड़ाने की धमकी दी थी। उन्होंने अपने जूतों में विस्फोटक रखे थे।
एक समाचार एजेंसी अमरीका के आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा है, "हमारे सुरक्षा तंत्रों में कई देखे और अनदेखे क़दम शामिल होते हैं, जो ताज़ातरीन ख़ुफ़िया जानकारियों पर आधारित होते हैं। हमारा विभाग इन ख़तरों को देखते हुए सुरक्षा क़दमों को व्यवस्थित करता है।"
कुछ दिनों पहले ही अमरीका ने चेतावनी जारी करते हुए विमानन कंपनियों को कहा था कि सीधे रूस जाने वाली विमानों में टूथपेस्ट ट्यूब में विस्फोटक छिपाए जा सकते हैं।