राजधानी वॉशिंगटन स्थित यूएस कैपिटॉल पर बराक ओबामा ने अपने हज़ारों समर्थकों की मौजूदगी में एक संगीतमय कार्यक्रम में राष्ट्रपति के तौर पर दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ग्रहण कर ली है। मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने बराक ओबामा को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई।
हालांकि ओबामा रविवार को व्हाइट हाउस में एक सादे समारोह में राष्ट्रपति पद की औपचारिक शपथ पहले ही ले चुके हैं क्योंकि अमरीकी संविधान के मुताबिक नए राष्ट्रपति का कार्यकाल 20 जनवरी से शुरु हो गया है।
संविधान के अनुरूप, बराक ओबामा ने रविवार को शपथ ली थी कि वे 'अमरीकी राष्ट्रपति के तौर पर देश के संविधान की रक्षा के लिए अपनी पूरी क्षमता के साथ, अपने कर्तव्यों का श्रद्धापूर्वक निर्वहन करेंगे।' सोमवार को दोबारा शपथ ग्रहण के दौरान बराक ओबामा ने सार्वजनिक रूप से बाइबिल पर अपना बायां हाथ रखकर इन्हीं शब्दों को दोहराया और उम्मीद जताई कि ईश्वर उनकी मदद करेंगे।
इस अवसर पर हज़ारों समर्थकों के अलावा, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, जिमी कार्टर और बड़ी संख्या में सीनेट के नेता मौजूद थे। ओबामा ने अपने समर्थकों का शुक्रिया अदा किया जो 'ओबामा-ओबामा' के नारे लगा रहे थे।