अमेरिका ने बृहस्पतिवार को ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन को वैश्विक आतंकी सूची में डाल दिया है। अलकायदा सरगना अयमान अल-जवाहिरी की उस घोषणा की तकरीबन डेढ़ साल तक जांच पड़ताल के बाद अमेरिका ने हमजा के खिलाफ यह कार्रवाई है, जिसमें कहा गया था कि हमजा अलकायदा का सदस्य है।
20 साल से भी कम उम्र का हमजा 2011 में अमेरिका विशेष सैन्य दस्ता के हाथों अपने पिता ओसामा की मौत के बाद से अलकायदा के प्रचारक के तौर पर सक्रिय है। अमेरिका की ओर से हमजा को आतंकी सूची में डालने के बाद अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में हमजा की सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।
'अमेरिका को धमकी दी थी कि अपने पिता की मौत का बदला लेगा'
अमेरिका के गृह मंत्रालय ने कहा कि नौ जुलाई 2016 को हमजा बिन लादेन ने एक ऑडियो टेप जारी कर अमेरिका को धमकी दी थी कि वह अपने पिता की मौत का बदला लेगा। हमजा ने इस टेप में कहा था कि वैश्विक आतंकी संगठन अमेरिका के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा। उसने यह भी कहा था कि हम सब ओबामा हैं। इसके अलावा हमजा ने कहा कि फलस्तीन, अफगानिस्तान, सीरिया, इराक, यमन, सोमालिया और दूसरे मुस्लिम देशों पर हमले के जवाब में वो अमेरिका और अमेरिकी नागरिकों पर हमला जारी रखेंगे।
अमेरिका ने अरबी द्वीप में अलकायदा (एक्यूएपी) के वरिष्ठ सदस्य इब्राहिम अल-बनना को भी विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकियों की सूची में शामिल किया है। अल-बनना एक्यूएपी का सुरक्षा प्रमुख है और अलकायदा नेताओं को सैन्य और सुरक्षा निर्देश मुहैया कराता है।
अल कायदा में शामिल होने से पहले अल-बनना 1996 से 1998 तक यमन में मिस्र इस्लामिक जिहाद का नेता था। अल-बनना पर अमेरिकी सरकार ने 50 लाख अमेरिकी डॉलर के इनाम की घोषण कर रखी है।