अमेरिका और क्यूबा ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए एक दूसरे के यहां 54 साल बाद दोबारा दूतावास खोलने का फैसला किया है। ये दूतावास 20 जुलाई से एक-दूसरे की राजधानियों में दोबारा से खुल जाएंगे। इस संबंध में दोनों देश बुधवार को सहमत हो गए हैं।
इससे पहले शीत युद्ध के दौरान अपने रिश्ते खराब होने पर दोनों देशों ने 1961 में अपने राजनयिक संबंध को खत्म कर लिए थे। पिछले साल दिसंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनके क्यूबाई समकक्ष राउल कास्त्रो दोनों देशों के रिश्तों की बहाली पर सहमत हुए थे।इस दिशा में पहल करते हुए अमेरिका ने इस साल मई में क्यूबा को आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देशों की काली सूची से बाहर कर दिया था।