अमेरिकी खुफिया प्रमुख ने कहा है कि पठानकोट आतंकी हमले के बाद भारत-पाक संबंध तनावपूर्ण हैं। साथ ही इस साल पाकिस्तान के साथ भारत की वार्ता इस बात पर निर्भर कर सकती है कि पाकिस्तान इस हमले से जुड़े लोगों पर किस तरह कार्रवाई करता है।
राष्ट्रीय खुफिया विभाग के निदेशक जेम्स क्लैपर ने सीनेट की सशस्त्र सेवा समिति से मंगलवार को कहा, ‘दिसंबर में द्विपक्षीय वार्ता शुरू होने के बावजूद पाकिस्तान और भारत के संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं।’
क्लैपर ने कहा, ‘भारत में पठानकोट वायुसेना बेस पर जनवरी की शुरुआत में हुए आतंकवादी हमले के बाद 2016 में पाकिस्तान के साथ उसके (भारत) संबंध पाकिस्तान में मौजूद हमले से संबद्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की उसकी इच्छा पर संभवत: निर्भर करेंगे।’