चक्रवातीय तूफान मारिया ने कैरिबियाई द्वीप प्यूर्टो रिको पर गहरा असर छोड़ है। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि पूरा द्वीप पर बिजली की आपूर्ति बंद है।
प्यूर्टो रिको में तकरीबन 35 लाख लोग रहते हैं। यहां के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रमुख अबनेर गोमेज ने बताया कि प्यूर्टो रिको के एक भी बाशिंदे के यहां बिजली नहीं है।
चक्रवातीय तूफान
अमेरिका के नेशनल हरीकेन सेंटर के मुताबिक द्वीप के कुछ हिस्सों में पानी बढ़ रहा है। हालांकि मारिया अब प्यूर्टो रिको से आगे बढ़ गया है और कमजोर पड़ रहा है। फिलहाल इसकी क्षमता दूसरी कैटगेरी के चक्रवातीय तूफान की है।
अबनेर गोमेज ने एक स्थानीय अखबार को बताया कि जब हम बाहर निकलने की स्थिति में होंगे तो हम देखेंगे कि हमारा द्वीप बर्बाद हो चुका है। इस चक्रवातीय तूफान के रास्ते में जो भी आया, सब बर्बाद हो गया।
ताकतवर तूफान
इस अमेरिकी क्षेत्र के गवर्नर रिकार्डो रोजेलो ने बुधवार शाम से शनिवार सुबह तक के लिए यहां कर्फ्यू लगा दिया है। मारिया जब प्यूर्टो रिको पहुंचा तो लोगों ने महसूस किया कि बीते सौ साल में इतना ताकतवर तूफान नहीं आया था।
सैन जुआन के गवर्नर ने यहां के लोगों को शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक घर में रहने का आदेश दिया है।
आपातकालीन स्थिति
आदेश का मकसद लोगों को दुर्घटनाओं से बचाना है क्योंकि जहां-तहां बिजली के तार गिरे हुए हैं और सड़कों पर मलबा बिखरा हुआ है। हजारों लोगों ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां और आपातकालीन स्थिति के लिए बनाए गए ठिकानों पर शरण ले रखी है।
जब तूफान पूरी तरह से थम जाएगा तभी बाहर निकलने पर लोगों को प्यूर्टो रिको में हुए नुकसान का पूरी तरह से अंदाजा लग पाएगा।