अमेरिका के डलास में गैस स्टेशन पर काम कर रहे हैदराबाद के छात्र चंद्रशेखर पोल की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। बीडीएस की पढ़ाई के बाद चंद्रशेखर 2023 में अमेरिका गए थे। घटना के पता चलने के बाद बीआरएस विधायक सुधीर रेड्डी और पूर्व मंत्री टी हरीश राव शनिवार को चंद्रशेखर के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की।
अमेरिका से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां डलास में शहर में शुक्रवार रात अज्ञात हमलावरों ने हैदराबाद के रहने वाले 27 वर्षीय चंद्रशेखर पोल नामक एक भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई जब चंद्रशेखर एक गैस स्टेशन पर काम कर रहे थे। इस घटना के सामने आने के बाद से चंद्रशेखर के परिवार में शोक की लहर दौड़ उठी। परिवार ने भारत सरकार और तेलंगाना सरकार से अनुरोध किया है कि चंद्रशेखर के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए।
ये भी पढ़ें:- Politics: रूस-पाकिस्तान के सैन्य सौदे पर भारत में सियासी बवाल, कांग्रेस ने पीएम मोदी की कूटनीति पर उठाए सवाल
बीआरएस विधायकों ने चंद्रशेखर से की मुलाकात
घटना के पता चलने के बाद बीआरएस विधायक सुधीर रेड्डी और पूर्व मंत्री टी हरीश राव शनिवार को चंद्रशेखर के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। हरीश राव ने इस घटना को बहुत ही दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि जिस बेटे को माता-पिता ने ऊंचाइयों तक पहुंचने का सपना देखा था, उसकी ऐसी असमय मृत्यु किसी भी परिवार के लिए बहुत बड़ा दुख है। हम बीआरएस की ओर से राज्य सरकार से मांग करते हैं कि चंद्रशेखर का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए।