अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस
- फोटो : ANI
दलाई लामा को लेकर अमेरिका ने चीन पर निशाना साधा है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा है कि तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा का वारिस चुनने की प्रक्रिया में चीन सरकार की कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, 25 साल पूर्व पंचेन लामा के उत्तराधिकार की प्रक्रिया में बीजिंग का दखल, जिसमें पंचेन लामा को बचपन में गायब करना और फिर चीनी कम्युनिस्ट सरकार द्वारा चुने गए उत्तराधिकारी को उनका स्थान देने की कोशिश करना धार्मिक स्वतंत्रता के घोर उल्लंघन है।
अगले दलाई लामा के चयन का फैसला सिर्फ तिब्बती बौद्ध समुदाय करे, इसे लेकर चीनी विरोध के बावजूद पिछले सप्ताह अमेरिकी सीनेट सर्व सम्मति से कानून पारित कर चुकी है। इस कानून में चीनी दखल को रोका गया है।
जिनपिंग ने फिर किया सेना से तैयार रहने का आव्हान
पड़ोसियों से जारी सीमा विवादों के बीच चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश की सेना (पीएलए) से आव्हान किया है कि उसे दूसरे देशों के साथ अस्थिर सुरक्षा हालात के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने एक विधायी सत्र के दौरान कहा, चीन की मौजूदा स्थिति से निपटने के लिए तैयारी रखें। जिनपिंग ने सैन्य प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान कहा कि वे युद्धक तैयारी और क्षमता विस्तार के लिए समन्वय बनाए रखें।