अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
- फोटो : एएनआई
अमेरिका ने इराक के साथ संयुक्त सैन्य अभियान बहाल कर दिया है। अमेरिका द्वारा इराक में किए गए ड्रोन हमले में ईरान के शीर्ष जनरल कासिम सुलेमानी की मौत के बाद यह अभियान रुक गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका के दो सैन्य अधिकारियों के मुताबिक, पेंटागन इस्लामिक स्टेट समूह के खिलाफ लड़ाई जारी रखने के लिए इस अभियान को बहाल करना चाहता था।
इराक हवाई अड्डे के बाहर अमेरिकी ड्रोन के हमले में ईरान के जनरल कासिम सुलेमानी की मौत के दो दिन बाद पांच जनवरी को यह अभियान रूक गया था। इसी दिन इराक के गुस्साए सांसदों ने अमेरिका के पांच हजार से अधिक सैनिकों को अपने देश से बाहर निकालने के लिए मतदान भी किया था।
बता दें कि अमेरिका द्वारा बगदाद हवाई अड्डे पर किए गए हवाई हमले में ईरान की कुद्स फोर्स के कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। वहीं, ईरान की संसद एक विधेयक पारित कर सभी अमेरिकी बलों को आतंकवादी घोषित कर चुकी है। जनरल कासिम सुलेमानी के बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे जाने के बाद यह कदम उठाया था।
इसके अलावा सुलेमानी की मौत के बाद से ही ईरान इराक में रह रहे अमेरिकी सुरक्षा बलों को निशाना बनाता आ रहा है। वह कई बार इराक में अमेरिकी सेना के ठिकानों पर मिसाइलों से हमला किया है। इराक के पहले हमले में उसने दावा किया था कि उसने कुल 22 मिसाइलें दागीं जिसमें 80 अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई।