अमेरिका में एक दिन में दर्ज किए गए कोविड-19 के 55,000 नए मामले (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
संयुक्त राज्य अमेरिका में गुरुवार को लगभग कोविड-19 के करीब 55,000 नए मामले सामने आए। रायटर्स की टैली के अनुसार यह अब तक किसी देश में एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। देश में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर महामारी संभालने को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
कई गवर्नरों ने सख्त लॉकडाउन के बाद अपने राज्यों को दोबारा खोलने की योजना पर विराम लगा दिया है। गुरुवार शाम तक अमेरिका में 54,879 नए मामले सामने आए। इससे पहले 19 जून को ब्राजील में एक दिन में 54,771 मामले दर्ज किए गए थे। इससे दो हफ्ते पहले अमेरिका में रोजाना 22,000 मामले सामने आ रहे थे।
अब यहां पिछले सात दिनों से 40,000 मामले सामने आ रहे हैं और पिछले तीन दिनों में नए मामलों के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। रायटर्स के विश्लेषण के अनुसार, जून की शुरुआत में दो हफ्ते की तुलना में पिछले 14 दिनों में अमेरिका के 50 में से 37 में नए संक्रमण बढ़े। गुरुवार को फ्लोरिडा में एक दिन में सबसे ज्यादा 10,000 मामले सामने आए। यहां की जनसंख्या 21 मिलियन है और यहां किसी यूरोपीय देश की तुलना में ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- महज पांच दिनों में एक लाख बढ़ गई कोरोना संक्रमितों की संख्या
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एलर्जी एंड इंफेक्शियस डिसीज के प्रमुख डॉ. एंथोनी फौसी ने इस हफ्ते के शुरू में चेतावनी दी थी कि नए मामलों में दैनिक वृद्धि दर को धीमा करने के लिए राष्ट्रव्यापी उपाय अपनाने के बिना संख्या 100,000 तक पहुंच सकती है। चूंकि देश में परीक्षण दर में इजाफा हुआ है इसलिए पॉजिटिव मामलों की संख्या भी बढ़ रही है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
रायटर विश्लेषण के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर सात प्रतिशत कोरोना वायरस डायग्नोस्टिक परीक्षण पिछले हफ्ते पॉजिटिव आए थे। जो इससे पहले के हफ्ते में पांच प्रतिशत थे। पिछले हफ्ते एरिजोना की पॉजिटिव दर 24 प्रतिशत, फ्लोरिडा की 16 प्रतिशत, नेवादा, दक्षिण कैरोलिना और टेक्सास सभी में 15 प्रतिशत थी।