नरेंद्र मोदी-डोनाल्ड ट्रंप-इमरान खान (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
संयुक्त राष्ट्र में भारत को आतंकवाद का पोषक घोषित कराने की पाकिस्तान की कोशिश नाकाम हो गई है। अमेरिका ने उसकी साजिश को नाकाम करते हुए इस प्रस्ताव को ब्लॉक कर दिया है। दरअसल, संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया हुआ है। इसके बाद तिलमिलाए पाकिस्तान ने नापाक हरकत करने की कोशिश की लेकिन उसे एक बार फिर मुंह की खानी पड़ी।
उच्च भारतीय सूत्रों ने कहा कि अमेरिका ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के सभी सदस्यों को औपचारिक रूप से सूचित किया था कि वह पाकिस्तान के प्रस्ताव को आधिकारिक रूप से अवरुद्ध कर रहा है और इसके साथ ही यह प्रस्ताव समाप्त हो गया। इस प्रस्ताव के जरिए पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में स्थित भारत के एक कंस्ट्रक्शन इंजीनियर को वैश्विक आतंकी घोषित कराने की साजिश रची थी।
इस भारतीय इंजीनियर का नाम वेणु माधव डोंगारा है जो अफगानिस्तान में स्थित भारतीय कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते हैं। डोंगारा उन चार में से एक भारतीय नागरिक हैं जिन्हें पाकिस्तान ने अपने क्षेत्र में हुई आतंकी गतिविधियों से जोड़ा है। पाकिस्तान चीन की मदद से डोंगारा को यूएनएससी से वैश्विक आतंकी घोषित करवाना चाहता था। अमेरिका ने पिछले साल सितंबर में इस प्रस्ताव को टेक्निकल होल्ड पर डाल दिया था। उम्मीद जताई थी कि पाकिस्तान डोंगारा के खिलाफ अपने आरोपों को साबित करने के लिए और सबूत पेश करेगा।
यह भी पढ़ें-भारतीय सेना ने जारी किया वीडियो- ‘बैट नहीं बैटमैन हैं’ बिहार रेजीमेंट के जवान
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान बेशक डोंगारा के खिलाफ कोई नया सबूत पेश नहीं कर पाया लेकिन वह प्रतिबंध समिति द्वारा उन्हें आतंकी घोषित करने पर जोर दे रहा था। ऐसे में पिछले हफ्ते अमेरिका ने उसके प्रस्ताव को ब्लॉक कर दिया। यदि पाकिस्तान अब भी डोंगारा को निशाना बनाने की कोशिश करता है तो उसे नया प्रस्ताव लाना होगा।
पाकिस्तान द्वारा डोंगारा को निशाना इसलिए बनाया गया क्योंकि यूएन ने जैश के सरगना मसूद अजहर को पिछले साल वैश्विक आतंकी घोषित किया था। ऐसे में पाकिस्तान भारत सरकार को आतंक का पोषक घोषित करने की कोशिश कर रहा है। इससे पहले चार मौकों पर चीन ने अजहर को आतंकी घोषित करने वाले प्रस्ताव को ब्लॉक किया था। हालांकि 2019 में यूएनएससी सदस्यों ने अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित कर दिया।