माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स और मेलिंडा फ्रेंच गेट्स के बीच तलाक की अंतिम कानूनी प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। सोमवार को किंग काउंटी सुपीरियर कोर्ट के जज द्वारा तलाकनामे पर हस्ताक्षर के साथ ही दोनों की राहें जुदा हो गईं।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत के दस्तावेजों में उनकी संपत्ति के बंटवारे को लेकर कोई विवरण नहीं दिया गया है। कभी दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति रहे बिल गेट्स के पास लगभग 150 अरब डॉलर की संपत्ति है। इस जोड़े की मुलाकात 1987 में उस वक्त हुई थी, जब मेलिंडा ने माइक्रोसॉफ्ट कंपनी में प्रोडक्ट मैनेजर के तौर पर काम शुरू किया था। दोनों की शादी 1994 में हवाई में हुई थी।
सिएटल स्थित बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन दुनिया का सबसे प्रभावशाली निजी फाउंडेशन है। इस ट्र्स्ट में करीब 50 अरब डॉलर का निवेश है। वर्ष 2000 में शुरू की गई यह संस्था दुनिया में स्वास्थ्य व विकास के अलावा अमेरिका में शिक्षा के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करती है।
करीब एक महीने पहले बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन ने घोषणा की थी कि दोनों अलग होने के बावजूद भी वह ट्रस्ट के लिए साथ काम करते रहेंगे। हालांकि यदि दो साल बाद बिल और मेलिंडा यह निर्णय लेते हैं कि वे अपनी भूमिका में बने नहीं रह सकते हैं, तो मेलिंडा सह-अध्यक्ष और ट्रस्टी के रूप में अपने पदों से इस्तीफा दे देंगी।