अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने ईस्टर समारोह से पहले देश भर के धार्मिक और सामुदायिक नेताओं को ऑनलाइन संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत के रंगोत्सव पर्व होली का भी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, वे और प्रथम महिला जिल बाइडन ईस्टर उत्सव के लिए उत्सुक हैं।
बाइडन ने धार्मिक नेताओं को संबोधित करते हुए कहा, चूंकि हमें टीका लगवाने का सम्मान हासिल हुआ है इसलिए हम ईस्टर अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ मना सकते हैं। उन्होंने कहा, यहूदियों का पर्व पासओवर पिछले सप्ताह शुरू हुआ। हिंदुओं का होली त्योहार पिछले ही मनाया गया, रमजान भी करीब ही है, ऐसे में सभी को ढेर सारी बधाइयां।
पिछले सप्ताह उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी होली के मौके पर बधाई दी थी। यह पहली बार हुआ है जब किसी अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने होली की शुभकामनाएं दी हों। बाइडन ने कहा, यह सिर्फ श्रद्धा व उत्सव का समय नहीं है बल्कि अपने धार्मिक समाज से जुड़ने की पहल भी है। बाइडन ने धार्मिक नेताओं से कोविड के टीकों को सुरक्षित बताने की अपील की है।