अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी
- फोटो : Adani Group
भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी, नीता अंबानी और कुमार मंगलम उन 100 भारतीयों में शामिल हैं, जिन्होंने दुनिया भर में परोपकारी गतिविधियों के जरिए अपनी पहचान बनाई है। अमेरिका स्थित सामुदायिक निकाय ‘इंडियास्पोरा’ ने इस तरह की पहली सूची जारी की है। यह सूची नौ ज्यूरी सदस्यों के मार्गनिर्देशन और पूर्व सत्यापित सूचियों व सार्वजनिक रूप से साझा दस्तावेजों के आधार पर तैयार की गई है।
इडियास्पोरा की सूची में भारत की नीता अंबानी भी, अमेरिका और ब्रिटेन के भारतवंशी भी शामिल
प्रवासी भारतीयों के संगठन इंडियास्पोरा के मुताबिक, सूची में शीर्ष पर भारत के उद्योगपति गौतम अडानी, नीता अंबानी और कुमार मंगलम बिड़ला हैं। जबकि अमेरिका से मोंटे आहूजा, अजय बंगा और मनोज भार्गव शामिल हैं। इस सूची में कनाडा से सोनम अजमेरा, बॉब ढिल्लों और आदित्य झा तथा ब्रिटेन से मोहम्मद अमर्सी, मनोज बदाले और कुजिंदर बाहिया शामिल हैं।
संगठन के संस्थापक एमआर रंगास्वामी ने कहा, हमारे समुदाय के इतने सारे परोपकारी लोगों को देखना अविश्वसनीय रूप से प्रेरणादायक है, जिन्होंने अपनी सफलता को सामाजिक प्रभाव में बदल दिया है। उन्होंने कहा, ये सभी उद्यमी उदारता के एक महत्वपूर्ण उदाहरण के रूप में कार्य करते हैं और हमें उन कई मुद्दों की याद दिलाते हैं जिन पर हमें ध्यान देने की आवश्यकता है।
दुनिया में भारतवंशी बड़ी संख्या में
सोमरविले कॉलेज में विकास निदेशक और ज्यूरी (निर्णायक मंडल) के सदस्यों में से एक सारा कलीम ने कहा कि इस प्रयास का हिस्सा बनना बहुत खुशी की बात है। भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, वैश्विक स्तर पर तीन करोड़ 20 लाख से अधिक भारतीय मूल के लोगों के साथ भारतीय दुनिया में सबसे बड़ी प्रवासी आबादी हैं।