भारत-अमेरिका के बीच 2+2 वार्ता के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वॉशिंगटन डीसी पहुंचे हैं। पांच दिवसीय दौरे के दौरान सोमवार को पेंटागन कार्यालय में अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड जे. आस्टिन ने उनका स्वागत किया। जिसके बाद यहां उनको गार्ड ऑफ आनर दिया गया। यहां उन्होंने अपने समकक्ष अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड जे. आस्टिन के साथ चौथी 2+2 वार्ता की। इसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी शामिल हुए।
रक्षा मंत्री के कार्यालय ने इस मुलाकात के बाद ट्वीट कर यह जानकारी दी। राजनाथ सिंह पांच दिनी अमेरिका यात्रा पर रविवार को वॉशिंगटन डीसी पहुंचे। इस यात्रा के दौरान वे भारत अमेरिका के बीच चौथी 2+2 वार्ता करेंगे। यह दोनों देशों के रक्षा व विदेश मंत्रियों के बीच होती है। 15 अप्रैल तक अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह भारत-अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अमेरिकी नेतृत्व से चर्चा करेंगे।
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि 2+2 वार्ता दोनों पक्ष विदेश नीति, रक्षा व सुरक्षा क्षेत्र में रणनीतिक मार्गदर्शन व परस्पर रिश्ते और मजबूत करने पर विचार करेंगे। मंत्रालय के प्रवक्ता अदिंरम बागची ने यह भी कहा कि 2+2 भारत-अमेरिका मंत्रिस्तरीय वार्ता महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम के बारे में विचारों का आदान-प्रदान करने और साझा हितों और चिंताओं को दूर करने के मुद्दों पर भी एक अवसर प्रदान करेगी।
विदेश मंत्री जयशंकर 11-12 अप्रैल को अमेरिका में अपने प्रवास के दौरान भारत-अमेरिका रणनीतिक वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ सदस्यों के अलावा अपने समकक्ष, विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकन से मुलाकात करेंगे।