सऊदी अरब में सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता के बीच एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने उड़ानों पर रोक की अवधि बढ़ा दी है। दोनों एयरलाइंस ने जेद्दा से आने-जाने वाली उड़ानें अब 24 नवंबर 2026 तक बंद रखने का फैसला किया है। वहीं, रियाद और दम्माम के लिए उड़ानें 30 नवंबर 2026 तक बंद रहेंगी।एयरलाइन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर यह जानकारी दी। कंपनी के मुताबिक, क्षेत्र के मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
टिकट बुक करा चुके यात्रियों को क्या राहत मिलेगी?
एअर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट की तारीख बदलने या पूरा पैसा वापस लेने का विकल्प दिया है। इसके लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं:-
- जेद्दा की उड़ानें: 24 नवंबर तक की ऐसी कन्फर्म बुकिंग, जो 20 नवंबर या उससे पहले कराई गई है, उसे यात्री बिना अतिरिक्त शुल्क के रीशेड्यूल करा सकते हैं। टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड भी मिलेगा।
- रियाद और दम्माम की उड़ानें: 30 नवंबर तक की कन्फर्म बुकिंग पर यह सुविधा मिलेगी। इसके लिए टिकट 10 नवंबर या उससे पहले बुक कराया गया होना चाहिए।
कब तक तय कर सकते हैं यात्रा की नई तारीख?
एयरलाइन ने यात्रियों को सऊदी अरब के दूसरे चालू एयरपोर्ट से भी यात्रा करने का विकल्प दिया है। एअर इंडिया के यात्री सऊदी अरब में उसके किसी भी चालू स्टेशन से अपनी यात्रा रीशेड्यूल करा सकते हैं। वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री सऊदी अरब या बहरीन में उसके किसी भी चालू स्टेशन से यात्रा की नई तारीख तय कर सकते हैं। रियाद और दम्माम की बुकिंग वाले यात्री 14 दिसंबर 2026 तक और जेद्दा की बुकिंग वाले यात्री 8 दिसंबर 2026 तक अपनी नई यात्रा पूरी कर सकते हैं।
रिफंड और रीशेड्यूल के लिए कहां संपर्क करें?
प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए दोनों एयरलाइंस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। एअर इंडिया के यात्री +91 1169329333 या +91 1169329999 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए +91 1246935600 नंबर जारी किया गया है। यात्री इन नंबरों पर फोन करके टिकट की तारीख बदलने या रिफंड से जुड़ी जानकारी ले सकते हैं।
सऊदी अरब में ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद उड़ानों पर रोक लगी?
उड़ानें बंद करने का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब सऊदी अरब के दक्षिणी हिस्से में मिसाइल और ड्रोन हमलों को लेकर तनाव बढ़ा है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया कि उसकी सेनाओं ने हूती विद्रोहियों की ओर से दक्षिणी सऊदी अरब की तरफ दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया। हालांकि, गठबंधन के प्रवक्ता ने 'एक्स' पर जारी बयान में इस कार्रवाई के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। इस बीच कई और दावे किए गए हैं।
सऊदी अधिकारियों ने दक्षिण-पश्चिमी इलाके के अभा शहर और खमीस मुशैत गवर्नरेट में संभावित खतरे को लेकर दो आपातकालीन अलर्ट जारी किए थे। बाद में सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग ने दोनों अलर्ट हटा दिए और बताया कि खतरा टल गया है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि संगठन ने जिजान इलाके में कई बैलिस्टिक मिसाइलों से एक ठिकाने को निशाना बनाया। याह्या सरी ने खमीस मुशैत एयरबेस पर ड्रोन हमले में सीधे निशाना लगने का भी दावा किया। इससे पहले उन्होंने किंग खालिद एयरपोर्ट और रियाद के वित्तीय केंद्र को निशाना बनाने की बात कही थी। हालांकि, हूती सैन्य प्रवक्ता के इन दावों पर सऊदी अधिकारियों की ओर से कोई बयान या पुष्टि नहीं की गई है।