गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे पर ब्रिटिश पीएम कीएर स्टार्मर ने शोक जताया है। सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में ब्रिटिश पीएम कीएर स्टार्मर ने लिखा- लंदन जाने वाले विमान, जिसमें कई ब्रिटिश नागरिक सवार थे, के भारतीय शहर अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त होने के दृश्य विनाशकारी हैं। मुझे हालात के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है, और इस अत्यंत दुखद समय में मेरी संवेदनाएं यात्रियों और उनके परिवारों के साथ हैं।
अहमदाबाद हादसे पर किंग चार्ल्स ने जताया शोक
आज अहमदाबाद में हुई भयानक घटनाओं से मेरी पत्नी और मैं बेहद सदमे में हैं। हमारी विशेष प्रार्थनाएं और गहरी सहानुभूति उन सभी परिवारों और मित्रों के साथ है जो इतने सारे देशों में इस भयावह दुखद घटना से प्रभावित हुए हैं, क्योंकि वे अपने प्रियजनों की खबर का इंतजार कर रहे हैं। मैं आपातकालीन सेवाओं के वीरतापूर्ण प्रयासों और इस सबसे हृदय विदारक और दर्दनाक समय में सहायता और सहायता प्रदान करने वाले सभी लोगों को विशेष श्रद्धांजलि देना चाहता हूं। चार्ल्स आर
उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त
गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हुआ, जब एअर इंडिया की एक लंदन जा रही अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय विमान में लगभग 230 यात्री सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में ब्रिटिश नागरिक भी शामिल थे।
यह भी पढ़ें -
Ahmedabad Plane Crash: हॉस्टल के डाइनिंग एरिया से टकराया एयर इंडिया का विमान, कई मेडिकल छात्रों की मौत की खबर
विमान में सवार थे 53 ब्रिटिश नागरिक
एयरपोर्ट प्रशासन और एयर इंडिया के अनुसार, हादसे में किसी यात्री की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। सभी घायलों को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल और निजी मेडिकल संस्थानों में भर्ती कराया गया है। विमान में कुल 230 यात्री और 14 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें 53 ब्रिटिश नागरिक बताए जा रहे हैं।
ब्रिटिश विदेश मंत्री ने हादसे पर जताया दुख
इस हादसे पर ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने लिखा- अहमदाबाद, भारत में हुए एक विनाशकारी विमान हादसे की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं। ब्रिटेन भारत में स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर तथ्यों को तत्काल स्थापित करने और सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है।
पूर्व पीएम ऋषि सुनक ने भी जताया शोक
अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे पर पूर्व ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक ने शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- अक्षता और मैं एयर इंडिया त्रासदी की खबर से बहुत सदमे में हैं और व्यथित हैं। हमारे दोनों देशों के बीच एक अनोखा रिश्ता है और हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन ब्रिटिश और भारतीय परिवारों के साथ हैं जिन्होंने आज अपने प्रियजनों को खो दिया है।
विमान हादसे पर यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने जताया दुख
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ट्वीट किया, 'भारत से अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की दुखद खबर आई है। इस भयानक नुकसान से पीड़ित परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। हम आपके दर्द को साझा करते हैं। यूरोप इस दुख की घड़ी में आपके और भारत के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।'
कनाडा के प्रधानमंत्री ने हादसे पर जताया शोक
वहीं कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस घटना पर शोक जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया, 'अहमदाबाद में लंदन जाने वाले एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। इस विमान में 242 यात्री सवार थे - जिनमें एक कनाडाई भी शामिल है। मेरी संवेदनाएं विमान में सवार सभी लोगों के प्रियजनों के साथ हैं। कनाडा के परिवहन अधिकारी अपने समकक्षों के साथ निकट संपर्क में हैं और मैं इस त्रासदी पर प्रतिक्रिया के बारे में लगातार अपडेट प्राप्त कर रहा हूं'।
यह भी पढ़ें -
Ahmedabad Plane Crash: कैसे होगी मृतकों की शिनाख्त? गुजरात के स्वास्थ्य सचिव ने साझा की अहम जानकारी