तालिबान द्वारा कब्जे में किए गए पाकिस्तानी रुपये
- फोटो : social media
अफगानिस्तान में तालिबान के आक्रामक हमले जारी हैं। वह तेजी से देश के भूभाग पर कब्जा जमाता जा रहा है। अफगानी सेना को वह बुरी तरह खदेड़ रहा है। इसी दौरान पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा इलाके की चेकपोस्टों पर कब्जे के दौरान तालिबान के हाथ में तीन अरब पाकिस्तानी रूपये लगे हैं। ये पैसा अफगानी जवानों ने कथित तौर पर तस्करों से वसूला था।
अफगान तालिबान द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि कंधार के स्पिन बोल्दक इलाके की सीमा चौकियों पर उसे भारी मात्रा में पाकिस्तानी रूपये मिले हैं। पाकिस्तान की जियो न्यूज के अनुसार इस इलाके को तालिबान ने अफगान सुरक्षा बलों से खाली करा लिया है।
अफगानिस्तान में तालिबान ने सरकार के खिलाफ बुधवार को भी हमले जारी रखे। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान से सटे महत्वपूर्ण स्पिन बोल्दक शहर पर कब्जा जमा लिया है। इसके साथ ही बोल्दक, चमन व कंधार के बीच एक महत्वपूर्ण सड़क पर उसका कब्जा हो गया है।
तालिबान ने क्रॉसिंग पर कब्जे की पुष्टि की
उधर, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने पुष्टि की है कि तालिबान ने स्पिन बोल्दक क्रॉसिंग पर कब्जा कर लिया है। जबकि अफगान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह इस घटनाक्रम की जांच कर रहा है। पाकिस्तान के सुरक्षा सूत्रों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि तालिबान ने चमन-स्पिन बोल्दक सीमा चौकी पर कब्जा कर लिया है। तालिबानी लड़ाकों ने अफगानी झंडे हटाकर वहां अपने झंडे लगा दिए हैं।
जानकारों का आरोप है कि अफगान सीमा चौकियों पर कब्जे के बाद तालिबान के हाथ लगे तीन अरब रुपये अफगान सुरक्षा बलों द्वारा तस्करों से वसूली गई रिश्वत की रकम है। अफगान गुप्तचर एजेंसी एनडीएस इस राशि का इस्तेमाल पाकिस्तान में हमलों के लिए आतंकियों को देने के लिए करती थी।