बेटी सलवा के साथ अब्दुल्ला अल-मोहम्मद
- फोटो : Twitter
सीरिया में जब भी धमाके होते हैं चार साल की मासूम के साथ पूरा परिवार ठहाके लगाकर हंसता है। वजह जानकर आप भी भावुक हो जाएंगे। परिजन यह सब बच्ची के डर को भगाने के लिए करते हैं। सीरिया के इदलिब में सरकार समर्थक सेना और विद्रोहियों के बीच लगातार बढ़ते तनाव और हवाई हमलों के बीच एक पिता ने अपनी चार साल की बच्ची को इस खौफ से निकालने के लिए यह नया तरीका ईजाद किया है।
इस नए तरीके को उन्होंने लॉफ्टर गेम नाम दिया है। जब सरकार समर्थक रूसी सेना के विमान इदलिब और उससे सटे इलाकों में बमबारी करते हैं, तो चार साल की सलवा डरने की बजाय ठहाके मारकर हंसने लगती है। ऐसा ही उसके माता-पिता भी करते हैं। खौफ के बीच ठहाके लगाने का यह तरीका सलवा के पिता अब्दुल्ला अल-मोहम्मद ने निकाला है।
मोहम्मद ने बताया कि यह मनोवैज्ञानिक रूप से जीवित रहने का तरीका है। यहां रोज बमबारी होती है। हर तरफ धमाकों और गोलाबारी की आवाज से रूह कांप उठती है। पहले सलवा इनकी आवाज सुनकर डर जाती थी। हमें डर था कि कहीं वह ट्रॉमा या आघात की शिकार न हो जाए। ऐसे में हमने उसका ध्यान भटकाने के लिए इन धमाकों को खेल का रूप दे दिया।
सलवा के पिता अल मोहम्मद ने कहा, मैंने अपनी बेटी को युद्ध के आघात से बचाने के लिए इस खेल को शुरू किया। जब भी फाइटर जेट या बमबारी की आवाज आती है, तो मैं सलवा से पूछता हूं, ये विमान है या बम? वो जो भी जवाब देती है, उस पर मैं गिरने का नाटक करता हूं और फिर हम सब मिलकर जोर-जोर से हंसते हैं।