एक नए अध्ययन में खुलासा हुआ है अमेरिका में मीटू अभियान के बाद से करीब पांच करोड़ लोगों ने गूगल पर यौन शोषण के बार में सर्च किया है। कहा जा रहा है कि महज अक्तूबर 2017 से जून 2018 के बीच में ही ये सर्च किए गए हैं। गूगल पर यौन शोषण को लेकर जो सर्च किए गए उनमें पूछा गया है कि किस प्रकार इसके खिलाफ शिकायत की जाए और कैसे इस तरह के व्यवहार पर रोकथाम लगाई जाए।
अध्ययन में हैरान करने वाली बात तो ये है कि यौन शोषण को लेकर होने वाले गूगल सर्च में इस समय अवधि (अक्तूबर 2017 से जून 2018 ) के दौरान 86 फीसदी की वृद्धि हुई है। जो कि नया रिकॉर्ड है। इसमें कहा गया है कि फिल्म प्रोड्यूसर हार्वे विंस्टीन पर यौन शोषण के आरोप के बाद जब मीटू अभियान की शुरुआत हुई, उसके बाद महज 8 महीने में ही ऐसे 4 से 5.4 करोड़ सर्च किए गए।
अध्ययनकर्ताओं ने यौन उत्पीड़न और यौन उत्पीड़न जागरूकता को लेकर किए गए गूगल सर्च पर अध्ययन किया। जिसमें उन्होंने जनवरी 2010 से जून 2018 के बीच के आंकड़े देखे। ये अध्ययन जामा इंटरनेश्नल मेडिसिन के जनरल में पब्लिश किया गया है।
जब अमेरिकी अभिनेत्री एलिसा मिलानो ने अभियान को समर्थन देने का आग्रह किया तो #MeToo को करीब तीन लाख बार रीट्वीट किया गया। वहीं हमारे भारत में इस अभियान की शुरुआत अभिनेत्री तनुश्री दत्ता द्वारा अभिनेता नाना पाटेकर पर लगाए गए यौन शोषण के आरोप के बाद हुई।