अमेरिका में इंटरनेट कनेक्टेड थर्मामीटर बनाने वाली एक कंपनी का दावा है कि वो रियल टाइम में कोरोना वायरस के फैलाव को ट्रैक कर सकती है। इसे आसान भाषा में समझें तो कंपनी का कहना है कि अगर एक आदमी से दूसरे आदमी के अंदर कोरोना वायरस फैलता है, तो कंपनी का थर्मामीटर इसकी तुरंत जानकारी दे देगा।
दरअसल, अमेरिका में इंटरनेट कनेक्टेड थर्मामीटर बनाने वाली कंपनी 'किंसा हेल्थ' यह दावा कर रही है कि वह देश में रियल टाइम में कोरोनावायरस के फैलाव को ट्रैक कर रही है। कंपनी का यह भी दावा है कि देश की मानक स्वास्थ्य संस्था सीडीसी उससे इस मामले में कम से कम दो हफ्ते पीछे है।
इस इंटरनेट कनेक्टेड थर्मामीटर बनाने वाली कंपनी 'किंसा हेल्थ' के संस्थापक इंदर सिंह भारतीय मूल के हैं। इस पूरे मामले पर इंदर का कहना है कि अमेरिका में अब तक 20 लाख से ज्यादा लोगों तक उनकी कंपनी का बनाया हुआ थर्मामीटर पहुंचा चुका है। हालांकि, ये थर्मामीटर इन ग्राहकों तक सेल्स या किसी दूसरे माध्यम के जरिए गए हैं इसकी अभी कोई भी जानकारी नहीं है।
बता दें कि पिछले कुछ साल से अमेरिका में किंसा हेल्थ का मैप फ्लू या बुखार को ट्रैक कर रहा है। इसी कड़ी में अब कंपनी कोरोना वायरस को भी ट्रैक कर रही है। किंसा का थर्मामीटर डेटा वायरस की शुरुआती चेतावनी के तौर पर काम करता है। जबकि, सीडीसी का सिस्टम देश के अस्पतालों की साप्ताहिक रिपोर्ट पर आधारित है। ऐसे में किंसा का मैप उन इलाकों को दर्शाता है, जहां बुखार के मामले कम या मध्यम हैं। इसके अलावा यह मैप उन जगहों के बारे में भी बताता है जहां बुखार का कोई भी मामले नहीं हैं।