नेपाल में रविवार को अलग-अलग सड़क हादसों में एक भारतीय समेत नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले मोहम्मद इरफान सिद्दीकी की बाइक को नवलपारसी जिले में एक जीप ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि काठमांडू के बाहरी इलाके नेपालतर में एक गाड़ी के टक्कर मारने की वजह से दो राहगीरों की मौत हो गई। काठमांडू के बबर महल इलाके में एक टैक्सी ने दोपहिया वाहन सवार को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, कपिलवस्तु, डांग, मोरांग, प्यूथन और सप्तारी जिलों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की जान चली गई।