पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में चार बच्चों और एक महिला सहित कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, शांगरीला में दो और बुनेर, मानसेहरा और एबटाबाद में दो लोगों की मौत हुई।
घटना में छह महिला सहित 18 से अधिक लोग घायल हो गए। एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने खबर दी है कि प्रांत में भारी बारिश से पांच घरों, दो झोपड़ियों और तीन स्कूल इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ के कारण तिरिच मीर और कोश्त सहित चितराल के अलग-अलग इलाकों को याताताय के लिए बंद कर दिया गया है।
पंजाब प्रांत में कम से कम दो बच्चों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। खबर में बताया गया है कि सरगोधा शहर में छत गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। शेखूपुरा में पांच और छत गिरने की घटनाएं सामने आईं और अधिकारियों ने घायलों की संख्या 10 बताई है।
पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बारिश और बाढ़ से राहत के कोई आसार नहीं हैं। इसके साथ ही इस्लामाबाद, रावलपिंडी, गुजरांवाला, सरगोधा, फैसलाबाद, मुल्तान तथा बहावलपुर में अगले 24 घंटों में भारी बारिश होने का अनुमान है।