दक्षिणी कैलिफोर्निया शुक्रवार को 7.1 तीव्रता वाले भूकंप से दहल उठा। यह पिछले दो दशकों का यहां सबसे शक्तिशाली भूकंप है। इससे पहले गुरुवार को आए 6.4 तीव्रता वाले झटकों से यह 11 गुना ज्यादा ताकतवर था।
अमेरिका के भू-वैज्ञानिकों ने रात 8:19 बजे आए भूकंप का केंद्र लॉस एंजिलिस से 240 किलोमीटर उत्तरपूर्व में स्थित रिजक्रेस्ट के पास बताया। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई लेकिन लगातार झटकों से स्थानीय निवासियों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
आपातकालीन सेवाओं के निदेशक ने प्रेस वार्ता में इमारतों में दरार पड़ने, सड़कें टूटने और बिजली आपूर्ति ठप होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गैस लीक से आग लगने की घटना भी हुई है और पानी व संचार सेवाएं ठप हो गई हैं। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ लोगों को हल्की चोटें लगी हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अभी भूकंप के बाद और झटके आने की आशंका है।
गवर्नर ने मांगी व्हाइट हाउस से सहायता
मौजूदा स्थिति और आगामी आशंकाओं को देखते हुए कैलिफोर्निया के गर्वनर गेविन न्यूसम ने व्हाइट हाउस से आपात सहायता मुहैया कराने का आग्रह किया है। उन्होंने सेन बर्नार्डिनो काउंटी में आपातकाल की घोषणा भी की है।