पाकिस्तानी पायलटों के लाइसेंसों की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। देश के उड्डयन विभाग ने संदिग्ध लाइसेंस के कारण 68 और पायलटों को निलंबित कर दिया है, इसके बाद निलंबित हुए पायलटों की संख्या 161 हो गई है। 262 संदिग्ध लाइसेंस धारकों में से 28 पायलटों का लाइसेंस पहले ही रद्द कर दिया गया है, जबकि 161 पायलटों को निलंबित कर दिया गया है। शेष 73 पायलटों के बारे में निर्णय अगले दो दिनों के भीतर होने की संभावना है क्योंकि उड्डयन विभाग का कहना है कि वह दोहरी जांच के बाद सभी निर्णय ले रहा है।
पाकिस्तान में चीन के बीगो एप पर रोक, टिकटॉक को अंतिम चेतावनी
चीनी एप कितने खतरनाक हैं इसका ज्ञान अब उसके सदाबहार दोस्त पाकिस्तान को भी हो गया है। भारत के बाद अब पाकिस्तान ने चीन के बीगो एप को देश में प्रतिबंधित कर दिया है जबकि टिकटॉक को अंतिम चेतावनी जारी की है कि वह अपने प्लेटफॉर्मों से अश्लील और अनैतिक सामग्री को हटा ले। इससे पूर्व देश में गेमिंग एप पबजी पर भी रोक लगाई जा चुकी है।
पिछले हफ्ते लाहौर हाई कोर्ट में एक याचिका दायर करके टिकटॉक पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई थी। याचिकाकर्ता ने कहा था कि यह एप आधुनिक समय में बहुत बड़ी बुराई है। उन्होंने कहा कि टिकटॉक सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि और रेटिंग के लालच में पोर्नोग्राफी का बड़ा स्रोत बन गया है।
पाकिस्तान के प्रौद्योगिकी प्राधिकार (पीटीए) ने देश के कानून के मुताबिक कानूनी और नैतिक सीमाओं के उल्लंघन पर इन कंपनियों को नोटिस दिए थे। लेकिन पीटीए ने कहा कि इन सोशल मीडिया कंपनियों ने नोटिस के जवाब में जो प्रतिक्रिया दी वह संतोषजनक नहीं थी। इसीलिए उसने अपनी शक्तियों का उपयोग करते हुए बिगो को तुरंत ब्लॉक कर दिया और टिकटॉक को अंतिम चेतावनी दी।