मुसीबत में है मैरियूपोल शहर
पूर्वी यूक्रेन में जारी संघर्ष के बीच 2,800 आम लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इस बीच, यूक्रेन की सरकार ने रूस पर टीयू-22 एम3 सुपरसोनिक बॉम्बर विमान के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। मैरियूपोल पर बम बरसाने के लिए इस विमान का इस्तेमाल किया गया है। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव के अनुसार, खारकीव में एक आवासीय इलाके पर गोलाबारी में सात महीने के एक शिशु सहित सात लोगों की मौत हो गई और 34 अन्य घायल हो गए।
कई शहरों पर बमबारी
यूक्रेन के पूर्वी लुहांस्क क्षेत्र में पोपासना और रूबीझने पर भी रूसी बमबारी जारी है। क्षेत्रीय अभियोजन कार्यालय के मुताबिक, पूर्वी यूक्रेन के खारकीव पर हुई गोलीबारी में 10 लोग मारे गए हैं। यहां 35 लोग घायल भी हुए हैं। सेवेरोदोनेत्स्क शहर को भी रूसी हमले में बहुत नुकसान पहुंचा है। सैन्य प्रशासन के प्रमुख ने बताया, 70 फीसदी शहर तबाह हो गया है। शहर की प्रमुख सड़कें बुरी तरह टूट गई हैं और यहां पानी की सप्लाई भी बंद हो गई है।
रूस ने ब्रिटिश पीएम जॉनसन, वित्तमंत्री ऋषि सुनक और गृहमंत्री प्रीति पटेल की यात्रा पर लगाए प्रतिबंध
रूस ने शनिवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन समेत कई शीर्ष कैबिनेट मंत्रियों और राजनेताओं के रूसी आगमन पर प्रतिबंध लगा दिया है। मॉस्को से जारी स्टॉप लिस्ट में 13 ब्रिटिश राजनेताओं की पूरी सूची है जिसमें भारतीय मूल के वित्तमंत्री ऋषि सुनक और गृहमंत्री प्रीति पटेश शामिल हैं।
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा, यह कदम रूस को अंतरराष्ट्रीय रूप से अलग-थलग करने, हमारे देश के लिए बाधाएं पैदा करने और घरेलू अर्थव्यवस्था का गला घोंटने के मकसद से ब्रिटेन की ओर से चलाए गए बेलगाम सूचना और राजनीतिक अभियान के जवाब में लगाया गया है। रूस ने ब्रिटेन के जिन लोगों पर प्रतिबंध लगाया है उनमें उप प्रधानमंत्री डोमिनिक राब, विदेश मंत्री लिज ट्रस, रक्षामंत्री बेन वालेस और पूर्व प्रधानमंत्री थिरेसा में भी शामिल हैं। हाल ही में ब्रिटेन ने भी रूस के शीर्ष अधिकारियों पर ऐसे ही प्रतिबंध लगाए थे।
रूस ने नए सिरे से शुरू की तैयारी
काला सागर में रूसी युद्धपोत मस्कवा के क्षतिग्रस्त होकर डूबने से भड़के मॉस्को ने कीव पर नए सिरे से मिसाइल हमले की धमकी दी है। रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेनको ने कहा, कीव पर दागी जाने वाली मिसाइलों की संख्या और क्षमता बढ़ाई जाएगी।
खुद को बेवकूफ बना रहे रूसी सैनिक : जेलेंस्की
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, कब्जा करने वालों को लगता है कि इससे उनके लिए संबंधित क्षेत्र को नियंत्रित करना आसान हो जाएगा, लेकिन वे गलत हैं। वे खुद को बेवकूफ बना रहे हैं। वहीं, कीव के बाहरी क्षेत्रों में मिले 900 से ज्यादा आम लोगों के शवों के संदर्भ में पुलिस ने बताया कि अधिकांश को गोली मारी गई है।
शीर्ष यूक्रेनी अफसर लेंगे आईएमएफ औक विश्व बैंक की बैठक में हिस्सा
यूक्रेन के शीर्ष अधिकारी अगले सप्ताह वाशिंगटन में होने वाली अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक की बैठक में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में यूक्रेन पर रूसी हमले और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसके असर की चर्चा की जाएगी। अभी बैठक की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।