अमेरिका के पेंसिल्वेनिया प्रांत के क्लेरियन काउंटी में सड़क हादसे में 26 वर्षीय भारतीय युवक की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो न्यूयॉर्क के क्वींस में रहता था। बताया जा रहा है कि बर्फीले तूफान के कारण कई वाहनों के आपस में टकराने से यह हादसा हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि 24 दिसंबर को क्लेरियन काउंटी में हुई दुर्घटना के बाद सिंह की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना 24 दिसंबर को सुबह 6:30 बजे क्लेरियन टाउनशिप में हुई। हादसे के बाद सिंह को क्लेरियन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
रिपोर्ट में मौत का कारण चोट लगना बताया गया है। क्लेरियन की पुलिस ने जांच का हवाला देते हुए हादसे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। बताया गया है कि दुर्घटना के बाद, मार्ग को एक तरफ से लगभग 12 घंटे के लिए बंद कर दिया गया था।
हरियाणा के रहने वाले थे मनप्रीत सिंह
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि मनप्रीत सिंह मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके अंतिम संस्कार के लिए धन जुटाने और उनके माता-पिता को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए क्राउडफंडिंग की जा रही है। इसके लिए GoFundMe पेज बनाया गया है।
अमेरिका में 60 से ज्यादा लोगों की मौत
अमेरिका में खराब मौसम और बर्फीले तूफान के कारण हुई घटनाओं में 60 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। सिर्फ न्यूयॉर्क के बफेलो शहर में 28 लोगों की जान गई है। बर्फीले तूफान से बुरी तरह प्रभावित बफेलो शहर में यातायात प्रबंधन के लिए सैन्य पुलिस को बुलाया गया है। शहर में कई जगहों पर वाहन चलाने पर ऐहतियातन प्रतिबंध लगाया गया है। यहां तूफान से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। साथ ही सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं।