पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 20 लोगों की जलकर मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लाहौर से करीब 350 किलोमीटर दूर मुल्तान में एक मोटरवे पर एक यात्री बस और एक तेल टैंकर में जोरदार दक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई। जिसके चलते बस में सवार 20 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। गौरतलब है कि पंजाब प्रांत में बीते तीन दिनों में ये दूसरा बड़ा हादसा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे की जानकारी के बाद आपातकालीन सेवा 'रेस्क्यू 1122' पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि बस लाहौर से कराची जा रही थी। टक्कर के बाद बस में आग लग जाने के कारण यात्री भी उस आग की चपेट में आ गए। उन्होने बताया कि दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि हादसे में झुलसे हुए अन्य लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए जाया गया है। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे छह यात्रियों का मुल्तान के निश्तार अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हादसे में मृत लोगों के शव इस कदर जल गए हैं जिसके कारण उनकी पहचान कर पाने में पुलिस को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल पुलिस शवों की डीएनए जांच करा कर उनके परिजनों को शव सौंपने की बात कह रही है।
वहीं, पंजाब प्रांत के सीएम परवेज इलाही ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को हादसे में घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस को निर्देश देते हुए मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए कहा है। गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को भी पंजाब प्रांत में इसी तरह का भीषण हादसा हुआ था। शनिवार को ट्रक और बस की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई थी।
रोहरी के पास हादसे में आठ की मौत
पाकिस्तान में हुए एक अन्य हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो गई। इस दौरान कम से कम 20 लोग घायल भी हुए हैं। बताया जा रहा है कि एक यात्री कोच मोटरवे पर पलट गया और कराची को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले राजमार्ग पर रोहरी के पास खाई में गिर गया।
बचाव अधिकारियों ने कहा कि यात्री कोच (एक तरह की बस) स्वात से कराची आ रहा था, तभी एक तीखे मोड़ के दौरान वह पलट गया और चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन खाई में गिर गया। दुर्घटना की जानकारी रखने वाले स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करने वाले गैर सरकारी संगठन ईधी सेंटर के एक अधिकारी ने कहा कि मृतकों में चार महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। घायलों को रोहरी तालुका अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ घायलों की हालत गंभीर होने पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई।
एस्कॉर्टिंग दल के दो पुलिसकर्मियों की मौत
उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने मंगलवार को पोलियो कार्यकर्ताओं की एक टीम की सुरक्षा कर रहे दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना अस्थिर दक्षिण वजीरिस्तान कबायली जिले की सीमा से लगे प्रांत के टैंक जिले में हुई। हमले के बाद बंदूकधारी मौके से फरार होने में सफल रहे। मौके पर पहुंची पुलिस की एक टीम ने पूरे इलाके को सील कर दिया और दोषियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया।