फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Big News: बांग्लादेश में ट्रेन-बस टक्कर में 11 की मौत, ब्रिटेन में हुआ कश्मीर पर सम्मेलन

Sun, 31 Jul 2022 04:43 AM IST
Jeet Kumar एजेंसी, ढाका।

सार

Big news: प्रोवती एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से माइक्रोबस रेलवे ट्रैक पर कई सौ मीटर घिसटती चली गई। घायलों को चटगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्रिटेन के लीड्स में यह सम्मेलन 28 जुलाई को आयोजित किया गया जिसमें वक्ताओं ने जोर दिया कि व्यवस्था के विरोध का अधिकार एक मौलिक मानव अधिकार है और इसे दबाया या छीना नहीं जा सकता है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांग्लादेश के चटगांव जिले में मानव-रहित रेलवे क्रॉसिंग पर एक मिनी बस के ट्रेन की चपेट में आ जाने से सात छात्रों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। यह हादसा मीरशरई उपजिला में हुआ, जब एक कोचिंग सेंटर के छात्रों और शिक्षकों को ले जा रही मिनी बस ढाका जा रही प्रोवती एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। मृतकों में से सात एक ही उम्र के छात्र थे, जबकि अन्य चार शिक्षक थे। प्रोवती एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से माइक्रोबस रेलवे ट्रैक पर कई सौ मीटर घिसटती चली गई। घायलों को चटगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन


कश्मीर पर पाक के प्रचार को ध्वस्त करें भारतीय प्रवासी : बशीर
कश्मीर को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करता रहता है। इस संदर्भ में लंदन में आयोजित एक कार्यक्रम में श्रीनगर के पत्रकार व कश्मीरी कार्यकर्ता बशीर अहमद ने यहां कश्मीरी प्रवासियों से पाकिस्तान के दुष्प्रचार को रोकने का आग्रह किया। 

साउथ सेंट्रल एशिया एकेडमिक फोरम (एससीएएएफ) की ओर से बशीर की नई किताब ‘कश्मीर - द वार ऑफ नैरेटिव्स- एन इनसाइडर्स पर्सपेक्टिव’ पर चर्चा के लिए आयोजित कार्यक्रम में कहा कि घाटी पर झूठे बयानों पर लगाम लगाने का समय आ गया है। 
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि पाकिस्तान कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। वह घाटी में युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के लिए इस्लामिक खिलाफत के विचार को फैला रहा है। संयुक्त राष्ट्र के पुराने प्रस्तावों का उपयोग कर रहा है। 

लीड्स में कश्मीर पर सम्मेलन, पीओके में जारी मानवाधिकारों के हनन की निंदा
कश्मीरी राष्ट्रवादी मानवाधिकार कार्यकर्ता, विचारक, राजनेता व प्रसिद्ध प्रवासी लीड्स में जुटे और पाकिस्तानी कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर पर चर्चा के लिए अंतरराष्ट्रीय कश्मीर सम्मेलन का आयोजन किया। उन्होंने इसे एक राजनीतिक इकाई बताते हुए इसके एकीकरण व स्थिरता को अंतिम लक्ष्य बताया।

ब्रिटेन के लीड्स में यह सम्मेलन 28 जुलाई को आयोजित किया गया जिसमें वक्ताओं ने जोर दिया कि व्यवस्था के विरोध का अधिकार एक मौलिक मानव अधिकार है और इसे दबाया या छीना नहीं जा सकता है। उन्होंने नाराजगी जताई कि अन्याय, महंगाई, बिजली की कमी और भारी करों के साथ पीओके के लोगों को बंदूक से चुप नहीं कराया जा सकता है। सम्मेलन में पीओके तथा गिलगित-बाल्टिस्तान में सैन्य व प्रभावशाली लोगों द्वारा भूमि हथियाने की भी कड़ी निंदा की। सम्मेलन में कहा गया कि 1947 से प्रांत के लोग पाकिस्तानी आक्रामकता, हिंसा व उग्रवाद के शिकार बने हैं, यह पीड़ा खत्म होना चाहिए।

रूस, चीन में बढ़ते तनाव के बीच एशिया-अफ्रीका यात्रा करेंगे ब्लिंकेन
अमेरिका के चीन एवं रूस के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन एशिया और अफ्रीका की यात्रा करेंगे। वह दोनों महाद्वीपों की पांच-दिनी यात्रा अगले सप्ताह कंबोडिया से प्रारंभ करेंगे, जहां वह दक्षिण-पूर्व एशियाई क्षेत्रीय सुरक्षा मंच की बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान चीनी और रूसी विदेश मंत्रियों के भी मौजूद रहने की संभावना है। इस बात का संकेत नहीं है कि ब्लिंकेन उनसे निजी रूप से मिलेंगे या नहीं। 

इसके बाद ब्लिंकेन फिलीपीन, दक्षिण अफ्रीका, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और रवांडा जाएंगे। ब्लिंकेन ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर बात कर रूस में हिरासत में लिए गए दो अमेरिकियों पॉल वीलन और डब्ल्यूएनबीए स्टार ब्रिटनी ग्रिनर की रिहाई के लिए अमेरिकी पेशकश स्वीकार करने का आग्रह किया था। फरवरी में यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद ब्लिंकेन की लावरोव से यह पहली बातचीत है।

ईपीएफओ : चेहरे के सत्यापन से जीवन प्रमाणपत्र होगा जमा
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के 73 लाख से अधिक पेंशनर कहीं से भी फेस ऑथेंटिकेशन यानी चेहरा सत्यापन के जरिये जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकेंगे। सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के अध्यक्ष, श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार को इस सुविधा की शुरुआत की। इससे सबसे अधिक सुविधा उन बुजुर्ग पेंशनरों को होगी, जिन्हें उम्र के चलते फिंगर प्रिंट व आईरिस सत्यापन में दिक्कत आती है।

गो-मूत्र की खरीद करने वाला पहला राज्य बना छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हरेली पर्व पर राज्य में गो-मूत्र खरीद की शुरुआत की। चंदखुरी की निधि स्व-सहायता समूह को 5 लीटर गो-मूत्र 20 रुपये में बेचकर बघेल राज्य के पहले विक्रेता भी बने। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जो पशुपालकों से दो रुपये प्रति किलो में गोबर की खरीद के बाद अब चार रुपये प्रति लीटर में गो-मूत्र की खरीद कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 7442 जैविक खाद उत्पादक महिला स्व-सहायता समूहों को 17 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भी बांटी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि फायदे देखकर अन्य राज्य भी गोधन न्याय योजना अपना रहे हैं। बीते दो साल में योजना के माध्यम से गोबर विक्रेताओं, गौठान समितियों और महिला समूहों के खाते में 300 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी गई है।

अगस्त में बाजार में आएगा मोदी के काव्य संग्रह का अंग्रेजी अनुवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कविताओं का अंग्रेजी अनुवाद ‘लेटर्स टू सेल्फ’ अगस्त में बाजार में उपलब्ध होगा। 2007 में मोदी के गुजराती में लिखे काव्य संग्रह ‘आंख का धन्य छे’ का फिल्म पत्रकार और इतिहासकार भावना सोमैया ने अंग्रेजी में अनुवाद किया है। इसे प्रकाश बुक्स की कंपनी फिंगरप्रिंट पब्लिशिंग ने प्रकाशित किया है। प्रकाशकों ने कहा, पीएम मोदी में उनके जीवन में आए उतार चढ़ावों को कविता में पिरोया है। इसमें उनकी जिंदगी की धुन है।

देश की नहीं होगी श्रीलंका, पाकिस्तान जैसी हालत : रघुराम
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ाने में अच्छा काम किया है, जिसके चलते देश को श्रीलंका और पाकिस्तान जैसी आर्थिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने यह दावा किया है। उन्होंने कहा, हमारे पास पर्याप्त विदेशी मुद्रा है। 

हमारे विदेशी कर्ज भी कम हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 22 जुलाई को खत्म हुए हफ्ते में भारत की विदेशी मुद्रा 571.56 अरब डॉलर है। इस हफ्ते विदेशी मुद्रा भंडार में 1.152 अरब डॉलर की गिरावट आई है। ऐसा विदेशी मुद्रा संपत्ति में गिरावट के कारण हुआ। शेष सभी घटकों में मुनाफा ही हुआ है।

बंगलूरू : तेजाब फेंककर पत्नी की हत्या करने वाले को उम्रकैद
बंगलूरू की सत्र अदालत ने पत्नी पर तेजाब फेंककर हत्या करने के मामले में पति को उम्रकैद की सजा सुनाई। दोषी चेन्नागौड़ा की 1996 में मंजूला से शादी हुई थी। 2017 में उसने पत्नी की खूबसूरती की वजह से बाहर चक्कर होने के शक में उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। घटना के दो महीने बाद मंजूला की मौत हो गई। कैंपगौड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। सत्र अदालत ने उसको हत्या के लिए उम्रकैद, तेजाब फेंकने के लिए 10 साल और क्रूरता के लिए दो साल की सजा सुनाई।

मलयालम अभिनेता शरत चंद्रन मृत मिले, आत्महत्या की आशंका
मलयालम अभिनेता शरत चंद्रन कक्कड़ स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है। पुलिस के मुताबिक, अभिनेता के शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था कि उनकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है। पत्र से संकेत मिलता है कि वह अवसाद से गुजर रहे थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें