East West Metro Services Kolkata
- फोटो : Twitter METRO RAIL KOLKATA
कोलकाता के बऊबाजार इलाके में ईस्ट-वेस्ट मेट्रो के भूमिगत सुरंग के निर्माण कार्य के चलते एक बार फिर लगभग दर्जन भर घरों में दरारें पड़ गई हैं। इस कारण लोग दहशत में हैं। मेट्रो प्रबंधन व पुलिस प्रशासन द्वारा प्रभावित घरों को खाली कराया जा रहा है। कोलकाता मेट्रो ने मुआवजे की घोषणा की है।
जानकारी के मुताबिक इस बार बऊबाजार के दुर्गा पिटुरी लेन के पास मदन दत्ता लेन के कई घरों में शुक्रवार सुबह बड़ी दरारें देखी गईं। इसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। जानकारी मिलते ही निर्माण एजेंसी कोलकाता मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (केएमआरसीएल), कोलकाता नगर निगम और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक केएमआरसीएल ने 100 वर्ग फीट तक के क्षतिग्रस्त के लिए एक लाख रुपये और 100 वर्ग फीट से अधिक क्षतिग्रस्त के लिए पांच लाख रुपये मुआवजा देने का भी एलान किया है।
बऊबाजार इलाके में पहले भी आ चुकी हैं दरारें
ईस्ट-वेस्ट मेट्रो के भूमिगत सुरंग के निर्माण कार्य के चलते बऊबाजार इलाके में इससे पहले 11 मई को दुर्गा पिटुरी लेन में कई घरों में दरारें आ गई थीं। इसके बाद मेट्रो प्रबंधन ने लोगों को होटल में शिफ्ट किया था। उससे पहले 31 अगस्त 2019 की रात ईस्ट-वेस्ट मेट्रो टनल की खुदाई के दौरान दुर्गा पिटुरी लेन और सेकरापाड़ा लेन में कई घर ढह गए थे। क्षेत्र के निवासी विस्थापित हो गए थे।
स्थानीय निवासियों में रोष, नारेबाजी
इधर, शुक्रवार सुबह कई घरों में बड़ी दरारें आने के बाद स्थानीय लोगों ने ईस्ट-वेस्ट मेट्रो निर्माण अथॉरिटी के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। जब मेट्रो के अधिकारी पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उनका विरोध किया और प्रवेश करने तक से रोक दिया। स्थानीय लोगों के विरोध प्रदर्शन के चलते बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर तैनात है।
केएमआरसीएल देगा मुआवजा देगा
इस बीच, केएमआरसीएल के प्रबंध निदेशक सीएन झा के मुताबिक सियालदह की ओर से मेट्रो लाइन पर क्रॉस पैसेज पर काम करने के दौरान मजदूरों ने देखा कि वहां से सुबह करीब तीन बजे पानी आ रहा है। केएमआरसीएल की ओर से जारी बयान में भी बताया गया है कि कुल 10 घर प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मुआवजे का भी एलान किया है। 100 वर्ग फीट तक के क्षतिग्रस्त के लिए एक लाख रुपये और 100 वर्ग फीट से अधिक क्षतिग्रस्त के लिए पांच लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दी जाएगी। बयान में कहा गया है कि यदि क्षति और अधिक पाई गई, तो मुआवजा राशि को और बढ़ाया जाएगा। 15 दिनों के अंदर मुआवजा की राशि दे दी जाएगी।