रुद्रपुर में मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने बृहस्पतिवार को पंतनगर एयरपोर्ट का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तारीकरण कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य कराने के निर्देश दिए। कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। समीक्षा बैठक के दौरान एयरपोर्ट के डीजीएम सिविल अनूप गुप्ता ने बताया कि पंतनगर हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित किया जा रहा है। 380 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विस्तारीकरण कार्य में एयरपोर्ट प्राधिकरण के नाम 524.70 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत टीडीसी, पंतनगर विश्वविद्यालय और सैनिक फर्म आदि की भूमि पर स्थित भवनों के ध्वस्तीकरण और पेड़ों के कटान का कार्य पूरा कर लिया गया है। चाहरदीवारी निर्माण का कार्य प्रगति पर है और आगामी जून माह तक पूरा होने की उम्मीद है। 3000 मीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त एक नया टर्मिनल, हैंगर, आइएलएस सुविधा, कार्गो टर्मिनल और नाइट लैंडिंग की सुविधा भी विकसित की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक ने बताया कि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की जद में आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने के लिए सर्वे और टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट से लगी भूमि पर गेस्टहाउस का प्रस्ताव भी विचाराधीन है। साथ ही एयरपोर्ट से सटी कुछ भूमि सेना को भी आवंटित की गई है। मुख्य सचिव ने एयरपोर्ट से संचालित हवाई सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। यहां कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, सीडीओ दिवेश शासनी, एसएसपी अजय गणपति, डीएफओ यूसी तिवारी, एडीएम पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार आदि मौजूद रहे।