त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और आमजन की सुविधाओं को लेकर आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को ऊधम सिंह नगर में विभिन्न हितधारकों के साथ बैठक की। इसमें व्यापारियों, उद्योगपतियों, परिवहन संचालकों, बैंक प्रबंधकों, स्कूल एसोसिएशन और ज्वेलर्स के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। आईजी ने बाजारों में अतिक्रमण से यातायात बाधित न होने देने और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। दीपावली पर पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थलों पर वैध लाइसेंस के साथ करने तथा अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील रखने पर जोर दिया गया। स्कूल संचालकों को बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों को साइबर अपराध और नशे के प्रति जागरूक करने को कहा गया। ज्वेलर्स को प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत रखने और आभूषण दिखाते समय सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ मालवाहक वाहनों का संचालन यातायात नियमों के अनुसार करने को कहा गया। बैंक प्रबंधकों को एमआरएम पोर्टल के जरिये फ्रीज धनराशि वापसी से जुड़े मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आईजी ने एसएसपी अजय गणपति को हितधारकों की शिकायतों और सुझावों पर एक सप्ताह में कार्रवाई कर अनुपालन आख्या भेजने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।