रुद्रपुर शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए मेयर विकास शर्मा ने प्रशासनिक अमले के साथ नगर का भ्रमण किया। लेफ्ट कटों से अतिक्रमण न हटाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, सीओ प्रशांत कुमार और लोनिवि, यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ मेयर ने इंदिरा चौक पर बंद पड़े लेफ्ट कटों का जायजा लिया। लेफ्ट कट खोलने में बाधक बन रहे दुकानदारों को ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर निगम कठोर कार्रवाई करेगा। उन्होंने नगर आयुक्त को अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कहा कि नोटिस के बाद भी यदि निर्माण नहीं हटाया गया तो बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण ध्वस्त किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सड़क पर गंदगी फैलाने वाले कई दुकानदारों को फटकार लगाते हुए भविष्य में नियमों का उल्लंघन होने पर चालान की चेतावनी दी। कहा जहां-जहां अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित हो रहा है, वहां बिना किसी दबाव के सख्ती से अतिक्रमण हटाया जाएगा। खेड़ा मुख्य मार्ग से भी शीघ्र अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी काशीपुर बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण में अभी कुछ समय लग सकता है, लेकिन उससे पहले वहां से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।