भारत-पाकिस्तान युद्ध को लेकर अस्पताल प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इस दौरान अस्पताल में ओटी से लेकर ऑक्सीजन सप्लाई की पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई। जबकि डॉक्टर समेत स्टाफ के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में क्षेत्र के अलावा यूपी से भारी संख्या में मरीज इलाज को पहुंचते हैं। भारत-पाकिस्तान युद्ध को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने इमरजेंसी स्थिति को लेकर सभी व्यवस्थाओं के साथ तैयार रहने के अस्पतालों को निर्देश जारी किए हैं। इसको लेकर सरकारी अस्पताल में ओटी, वार्डों, इमरजेंसी, दवा भंडार, रक्तकोष आदि का निरीक्षण कर व्यवस्था को देख लिया है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक दवाइयों का पर्याप्त भंडार है। इमरजेंसी, ओटी में दवाइयां रखवा दी गई है। वेंटीलेटरों की जांच कराई गई है। इसमें एक वेंटीलेटर में तकनीकी कमी है। इसकी मरम्मत कराई जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर चार बेड का आईसीयू वार्ड भी शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए दक्ष स्टाफ भी मिल गया है।