रुद्रपुर में टीडीसी मुख्यालय के भवनों और बीज संयंत्र की मशीनों व वाहनों की नीलामी प्रक्रिया पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए किसान संगठनों ने कलक्ट्रेट गेट पर धरना दिया। बृहस्पतिवार को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर जिलेभर के किसान संगठनों के पदाधिकारी, किसान, टीडीसी के निदेशक धरने पर बैठे। उन्होंने कहा कि टीडीसी का हल्दी मुख्यालय, बीज संयत्र आदि एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में आ रहे हैं। यहां के भवनों, मशीनों, वाहनों की नीलामी में गड़बड़ी कर बेहद कम दामों पर बेच दिया गया। कहा कि टीडीसी घोटाले में जेल में रहे एक कर्मचारी को नीलामी प्रक्रिया की कागजी कार्रवाई का जिम्मा सौंप दिया गया। नीलामी प्रक्रिया के लिए निदेशकों को भरोसे में नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को तत्काल निरस्त कर नीलामी प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। निगम की एजीएम बुलाई जाए। सीएम के नाम ज्ञापन एसडीएम मनीष बिष्ट को सौंपा।