काशीपुर के राधेहरि महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के लिए दूसरे स्कूलों में नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए कॉलेज में करीब सात करोड़ की लागत से परीक्षा भवन बनेगा। करीब एक महीने बाद निर्माण शुरू होने की संभावना है। राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्कीम फॉर स्पेशल असिस्टेंट टू स्टेट फॉर कैपिटल इनवेस्टमेंट (एसएएससीआई) के तहत परीक्षा भवन बनेगा। इसके लिए महाविद्यालय प्रशासन ने बीएड विभाग के पास जगह चयनित की गई है। उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड को कार्यदायी संस्था नामित किया है। संस्था ने चयनित स्थान की मिट्टी की जांच, नक्शा आदि कार्य पूर्ण कर प्रस्ताव शासन को भेजा था। निर्माण के लिए संस्था को करीब सात करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। भवन में चार हॉल बनाए जाएंगे। इसमें करीब 500 छात्र-छात्राएं बैठ सकेंगे। भवन में बिजली, फर्नीचर, शौचालय, पेयजल, सर्वर रूम, परीक्षा नियंत्रण कक्ष आदि मूलभूत सुविधाएं होंगी। बता दें कि कभी-कभी परीक्षार्थी अधिक होने के कारण नजदीक के इंटर कॉलेजों में परीक्षा करानी पड़ती है।