विकासखंड भिलंगना के ग्राम पंचायत मल्ड नैलचामी में गुरुवार को 'विकसित भारत - G राम G' अभियान का शुभारंभ घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने किया। कार्यक्रम के तहत जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए अमृत सरोवर में सफाई एवं मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान महिला श्रमिकों ने श्रमदान करते हुए सरोवर की सफाई और मरम्मत का कार्य किया। कार्यक्रम में विधायक शक्तिलाल शाह ने महिला श्रमिकों को मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें कृषि यंत्र भेंट किए। उन्होंने श्रमिकों को G राम G योजना के अंतर्गत पूरी निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह योजना विकसित भारत के स्वर्णिम युग की ओर बढ़ने का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत श्रमिकों को पहले के 100 दिनों के स्थान पर अब 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही दैनिक मजदूरी 252 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन किए जाने का प्रावधान है। विधायक ने अपने संबोधन में G राम G योजना की चार प्रमुख श्रेणियों का उल्लेख करते हुए इसके उद्देश्यों और विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेगी। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विधायक शक्तिलाल शाह ने विकासखंड भिलंगना में पौधरोपण भी किया। यह पौधरोपण ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप "एक पेड़ गुरु के नाम" थीम के तहत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील भी की गई। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी विपिन सिंह, जी राम जी अधिकारी शिव प्रसाद जोशी, ग्राम प्रधान राकेश भट्ट सहित जनप्रतिनिधि, विकासखंड के अधिकारी, कर्मचारी, महिला श्रमिक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।