नई टिहरी में उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों के निस्तारण की मांग को लेकर सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) कार्यालय परिसर में धरना दिया। समस्याओं का समाधान होने पर शिक्षकों ने नारेबाजी की। शिक्षकों ने चयन एवं पदोन्नति के अवशेष देयकों का भुगतान, वरिष्ठ-कनिष्ठ वेतन निर्धारण, सेवानिवृत्त शिक्षकों के लंबित भुगतान, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, जीपीएफ प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण, उच्चीकृत विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन सहित अन्य लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। संघ ने मांगपत्र में चयन एवं पदोन्नति वेतनमान के लंबित देयकों के भुगतान के लिए समिति गठित करने, सेवा पुस्तिकाओं के सत्यापन, 17140 से प्रभावित शिक्षकों के सप्तम वेतनमान के एरियर का भुगतान, जूनियर हाईस्कूल बंद होने पर शिक्षकों का उच्चीकृत विद्यालयों में समायोजन, शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के स्पष्ट निर्देश जारी होने तक पदोन्नति के लिए अंडरटेकिंग लेने, ब्लॉक स्तर से जिला स्तर तक प्रकरण समयबद्ध भेजने, जीपीएफ एवं अर्जित अवकाश (ईएल) सहित अन्य लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को बैठक में शामिल होने के लिए टीए-डीए देने तथा सत्र लाभ के आदेश सभी शिक्षकों को जारी करने की मांग की।