जंद्रवाड़ा गांव के लिए नहीं हो पाया सड़क का निर्माण, लोगों ने जताया रोष
चंद्रेश्वर मंदिर की नई कार्यकारिणी का किया गया गठन, कुमाईं अध्यक्ष और पैन्यूली चुने गए सचिव
नई टिहरी। जाखणीधार ब्लॉक के ढुंगमंदार पट्टी के सैंण में आयोजित बैठक में चंद्रेश्वर महादेव मंदिर का जीर्णोद्धार करने का निर्णय लिया गया। बैठक में मंदिर से लेकर राजकीय इंटर कॉलेज और जंद्रवाड़ा गांव के लिए मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी सड़क निर्माण नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने रोष जताया। उन्होंने कहा कि सीएम की घोषणा पर प्रथम चरण में दो किमी सड़क का शासनादेश जारी किया गया था, लेकिन लोनिवि लंबे समय बाद भी द्वितीय चरण की डीपीआर शासन को नहीं भेज पाया है।
चंद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में मंदिर समिति के आय-व्यय पर चर्चा की गई। बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए देव सिंह गुसाईं को संरक्षक, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख साहब सिंह कुमाईं काे मंदिर समिति का अध्यक्ष, कमलेश्चर रतूड़ी उपाध्यक्ष, कमलेश पैन्यूली सचिव, महावीर रावत सहसचिव, शंकरमणि लसियाल संयुक्त सचिव, गणेश पुर्वाल कोषाध्यक्ष, कर्ण सिंह सजवाण सहकोषाध्यक्ष, बसंत राम पुर्वाल, धर्म सिंह कुमाईं ऑडिटर, डॉ. ओम प्रकाश पुर्वाल, राकेश लसियाल सलाहकार, दाताराम पुर्वाल, सुनील रतूड़ी, विजयदास को मीडिया सलाहकार सहित क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधानों को पदेन सदस्य चुना गया।
बैठक में सीएम की घोषणा के बाद भी घोंटी-जंद्रवाड़ा मोटर का निर्माण नहीं होने पर चिंता जताई। कहा कि सड़क का निर्माण हो जाता है, तो राजकीय इंटर कॉलेज चंद्रेश्वर सैंण, चंद्रेश्वर महादेव और जंद्रवाड़ा गांव के लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सकती थी। सड़क निर्माण के लिए नवनिर्वाचित समिति शासन-प्रशासन से वार्ता करेगी। इस मौके पर नरेश कुमाईं, ब्रह्मानंद पुर्वाल, पतिराम पुर्वाल, हर्षमणि नौटियाल, जय प्रकाश पैन्यूली, महेंद्र सजवाण, सब्बल सिंह रावत, दलेब सिंह मौजूद थे।