नई टिहरी। जिला मुख्यालय बौराड़ी बस अड्डे पर आठ लाख रुपये की लागत से बनाया गया फव्वारा महज आठ माह में ही बंद हो गया है। बस अड्डे की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से फव्वारा लगाया गया था, लेकिन संचालन के कुछ ही महीनों बाद यह पूरी तरह से ठप हो गया। अब यह फव्वारा व्यापारियों और यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनकर रह गया।
बौराड़ी बस अड्डे में लगे फव्वारे में बारिश का पानी जमा हो रहा है, जिससे आसपास गंदगी फैल रही है। फव्वारे के भीतर कूड़ा-कचरा भरा हुआ है, जिससे बदबू और गंदगी फैली है। जून 2023 में बस अड्डा परिसर में फव्वारा बनाया गया था। स्थानीय दुकानदार कमलेश मिश्रवाण, गबर सिंह नेगी, राकेश नेगी ने बताया कि स्थापना के आठ माह के अंतराल में ही फव्वारे का संचालन पूरी तरह से बंद हो गया था।
स्थानीय व्यापारियों ने नगर पालिका की लापरवाही पर कड़ा आक्रोश जताते हुए फव्वारे को फिर से चालू करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस फव्वारे का संचालन नहीं करना था, तो इसके निर्माण पर आठ लाख रुपये की धनराशि क्यों खर्च की गई। उन्होंने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग करना बताया। फव्वारे का संचालन नहीं होने पर नगर पालिका की उदासीनता पर सवाल उठाए।
इन दिनों नगर पालिका चुनाव की प्रक्रिया में व्यस्त चल रहे हैं। नगर पालिका का नया बोर्ड बनने के बाद ही बौराड़ी बस अड्डे में बंद पड़े फव्वारे का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।
-संजय कुमार, ईओ, नगर पालिका नई टिहरी