अगस्त्यमुनि क्षेत्र के तिमली-गंगानगर मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया। हादसे के समय वाहन में दो लोग सवार थे, जिन्हें सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, सुबह करीब 10:14 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। वाहन सवार गणेश (38) निवासी ग्राम फलई और महावीर (28) निवासी क्यूजा को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने बताया कि 50 से अधिक गांवों को जोड़ने वाला तिमली-गंगानगर मोटर मार्ग लंबे समय से बदहाल है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।