ब्लॉक विकासखंड सभागार में आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी 74 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 34 का निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। मंगलवार को संपन्न हुए तहसील दिवस में ग्रामीणों ने सड़क, आपदा से हुए नुकसान, सोलर लाइट और जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान जैसे मुद्दे उठाए। जखवाड़ी के ग्रामीणों ने कोट-जखवाड़ी मल्ली सड़क के डामरीकरण और पुश्ता निर्माण की मांग की। देवल निवासी गुरु प्रसाद ने बारिश से मकान और पुश्ते को हुए नुकसान की जानकारी दी। जखनोली निवासी विजेंद्र सिंह मेवाड़ ने क्षेत्र में सोलर लाइट लगाने तथा मुसाढुंग निवासी शेर सिंह ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई की मांग उठाई। वहीं ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह चौहान ने आपदा से क्षतिग्रस्त ग्रामीण मार्गों के शीघ्र सुधारीकरण की मांग की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए।